
मधुबनी : बिहार विधान परिषद 05–दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक सूची तैयार करने के तहत प्रारूप प्रकाशन के क्रम में मंगलवार को मधुबनी समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन सूची से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम के अनुसार 25.11.2025 को सभी निर्धारित स्थलों पर निर्वाचक सूची का प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया है। प्रारूप मतदाता सूची की एक प्रति जिला निर्वाचन कार्यालय में भी उपलब्ध है ताकि किसी भी इच्छुक व्यक्ति या राजनीतिक दल के प्रतिनिधि उसे देख सकें। उन्होंने कहा कि प्रारूप प्रकाशन के बाद 25.11.2025 से 10.12.2025 तक दावा एवं आपत्ति प्राप्त की जाएगी।
दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक सूची के दावा एवं आपत्ति प्राप्त की तारीख़ 25.11.2025 से 10.12.2025 तक
उन्होंने स्पष्ट किया कि दावा/आपत्ति दर्ज करने की सुविधा ऑफलाइन और ऑनलाइन, दोनों माध्यमों से उपलब्ध है।
• ऑफलाइन आवेदन सभी नामनिर्दिष्ट पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।
• ऑनलाइन आवेदन के लिए आधिकारिक लिंक उपलब्ध कराया गया है:https://ceo.bihar.gov.in/tcgconline/
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 10.12.2025 तक प्राप्त सभी दावे और आपत्तियों का 25.12.2025 तक नियमानुसार निष्पादन कर दिया जाएगा। इसके बाद 30.12.2025 को निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रशांत शेखर सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


