
मधुबनी, 25 नवंबर 2025: जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने मंगलवार को अपने सतत क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम के तहत दुलीपट्टी, कलुआही और हरलाखी प्रखंडों में विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
मधुबनी के दुलीपट्टी पैक्स का निरीक्षण, धान अधिप्राप्ति में तेजी के निर्देश
जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम दुलीपट्टी स्थित पैक्स का निरीक्षण किया। पैक्स अध्यक्ष ने बताया कि खेतों से आने वाले धान में अधिक नमी होने के कारण खरीद की गति थोड़ी कम है। वर्तमान स्थिति में तीन किसानों से कुल 235 क्विंटल धान की खरीद की गई है और भुगतान भी किसानों के खातों में भेज दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्टॉक पंजी सहित सभी पंजियों की जांच की और निर्देश दिया कि बोरे सुव्यवस्थित तरीके से रखे जाएँ, ताकि खरीद और भंडारण प्रणाली बेहतर बनी रहे। उन्होंने पैक्स की टीम को सीमांत किसानों से तुरंत संपर्क कर उनके धान की शीघ्र खरीद सुनिश्चित करने का आदेश दिया, ताकि किसी किसान को परेशानी न हो।
एसएसबी कैंप के लिए भूमि अधिग्रहण कार्य की समीक्षा
दुलीपट्टी में ही जिलाधिकारी ने एसएसबी 48 बटालियन कैंप के लिए प्रस्तावित 75 एकड़ भूमि का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए और सभी जरूरी औपचारिकताएँ प्राथमिकता के साथ निपटाई जाएँ।
कलुआही प्रखंड के नए कार्यालय निर्माण के लिए भूमि चयन
क्षेत्र भ्रमण के क्रम में डीएम आनंद शर्मा कलुआही प्रखंड भी पहुँचे, जहाँ उन्होंने प्रखंड सह अंचल कार्यालय के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने अंचलाधिकारी को भूमि चयन, भू-स्वामित्व सत्यापन और आवश्यक कागजी प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यालय निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके।
माता जानकी–प्रभु श्रीराम मिलन स्थल की पर्यटन योजना को गति देने के निर्देश
हरलाखी प्रखंड में जिलाधिकारी ने माता जानकी और प्रभु श्रीराम के प्रथम मिलन स्थल फुलहर में स्वीकृत पर्यटकीय योजना की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री द्वारा घोषित इस पर्यटन परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जाए और जमीन पर काम की गति बढ़ाई जाए।
डीएम ने कहा कि यह स्थल मिथिला की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसके पर्यटन विकास से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
मधुबनी जिला प्रशासन की आधिकारिक जानकारी
नियमित क्षेत्र भ्रमण से बढ़ी विकास योजनाओं की रफ्तार
जिलाधिकारी आनंद शर्मा के नियमित फील्ड निरीक्षण से जिले में चल रही कई योजनाओं की गति और पारदर्शिता में सुधार आया है। विभिन्न विभागों के कार्यों की वास्तविक स्थिति का मौके पर आकलन होने से योजनाओं में तेजी आ रही है। उन्होंने दोटूक कहा कि विकास योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीडीसी सुमन प्रसाद साह, एडीएम मुकेश रंजन, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी विजय कुमार, डीसीओ सुदर्शन कुमार, ओएसडी नितेश कुमार पाठक सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद थे।


