ब्याज पर लिया मोबाइल, ऑनलाइन पढ़ाई से छू लिया 96 प्रतिशत का आसमान
चंदन कुमार मलिक, परसा उत्तरी पंचायत के परसा डोम टोल निवासी दिलीप मलिक और सरोजिया देवी के पुत्र हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा घर के पास प्राथमिक विद्यालय डोम टोल में हुई, कक्षा छह से आठ तक की पढ़ाई मध्य विद्यालय मुजियासी में और नौवीं-दसवीं की पढ़ाई उच्च माध्यमिक विद्यालय परसा दक्षिणी से हुई।
चंदन ने किसी कोचिंग का सहारा नहीं लिया-पूरी तैयारी ऑनलाइन सेल्फ स्टडी से की। जब उन्होंने पढ़ाई के लिए मोबाइल मांगा, तो पिता दिलीप ने ब्याज पर पैसा लेकर मोबाइल खरीद दिया। उस मेहनत का नतीजा आज सबके सामने है-गणित में 98, विज्ञान में 97, सामाजिक विज्ञान में 96, हिंदी में 96 और मैथिली में 93 अंक।
घोघरडीहा के इस मेधावी छात्र का अगला सपना-IAS बनकर देश की सेवा
पिता दिलीप मलिक घोघरडीहा नगर पंचायत में सफाईकर्मी का काम करते हैं और साथ में सूप-बांस का सामान बनाकर बेचते हैं तथा सुअर चराकर दोनों बेटों की पढ़ाई का खर्च उठाते हैं। बेटे की सफलता की बात करते-करते वे फफक पड़े और कहा कि आज सच में सुकून मिला है।
चंदन की दादी मसोमात लाल देवी ने भी साफ कहा कि घर की तमाम दिक्कतों के बावजूद चंदन को आगे भी पढ़ाएंगे। चंदन खुद कहते हैं कि पढ़-लिखकर UPSC की तैयारी करना और IAS बनना उनका सपना है। अपनी इस सफलता का श्रेय वे माता-पिता, दादी और ईश्वर को देते हैं।
संबंधित खबरें
- फुलपरास: महादलित महिला से बर्बरता, खंभे से बांधा – फिर थाने में भी नहीं मिला न्याय
- पटना में 25 करोड़ की ब्राउन शुगर बरामद, दो गिरफ्तार, पुलिस सिपाही की भूमिका सामने
- बिहार में 360 प्रखंडों में खुलेंगे नए डिग्री कॉलेज, छात्रों को मिलेगी स्थानीय स्तर पर पढ़ाई
और पढ़ें: चंदन कुमार मलिक घोघरडीहा