
दिल्ली पुलिस ने एक बड़े इंटरस्टेट चोर गैंग का पर्दाफाश किया है जो बिहार से दिल्ली आकर पॉश कॉलोनियों के घरों में डोमेस्टिक हेल्पर के रूप में काम करता था और फिर मौका पाकर घर से कीमती आभूषण चोरी कर फरार हो जाता था। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान घोघरडीहा थाना क्षेत्र के सरौती पंचायत के देवनाथपट्टी वार्ड नंबर 6 निवासी विजय कुमार कामत के रूप में हुई है।
गैंग के सदस्य दिल्ली के पॉश कॉलोनियों में करते थे डोमेस्टिक हेल्पर के रूप में काम , मौका पाकर घर से कीमती आभूषण की करते थे चोरी
पुलिस के अनुसार विजय कुमार ने दिल्ली के केशवपुरम इलाके में एक व्यवसायी के घर डोमेस्टिक हेल्पर के रूप में काम किया था, जहां उसने कुछ गहने चुरा कर भाग गया। 29 दिसंबर 2024 को व्यवसायी ने पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की और आरोपी विजय कुमार के साथ अन्य आरोपियों का पता लगाया।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि तकनीकी सर्विलांस के माध्यम से यह खुलासा हुआ कि यह गैंग बिहार से दिल्ली आकर पॉश कॉलोनियों में डोमेस्टिक हेल्पर के रूप में काम करता था। जब मौका मिलता, तो आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर घर से कीमती सामान चुराकर बिहार लौट जाते थे।
गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस ने विजय कुमार को दिल्ली लाकर, स्थानीय पुलिस की मदद से उसके घर पर छापेमारी की। इस दौरान, कुछ चुराए गए गहने बरामद किए गए, हालांकि सभी गहने नहीं मिल पाए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच जारी है।


