
LPG Gas Crisis Bihar: पटना में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की किल्लत ने आम जनता को परेशान कर रखा है। हैरान करने वाली बात यह है कि जिले में प्रतिदिन बुकिंग करीब 27 हजार है, जबकि आपूर्ति 33 हजार से अधिक हो रही है। फिर भी LPG gas crisis Bihar की यह स्थिति इसलिए बनी हुई है क्योंकि 1 लाख 55 हजार से अधिक सिलेंडरों का पुराना बैकलॉग अभी तक क्लियर नहीं हो पाया है।
लोग 10-10 दिनों से बुकिंग कराकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। घंटों लाइन में लगने के बावजूद समय पर गैस नहीं मिल पा रही।
मुख्य सचिव ने की हाई-लेवल मीटिंग
राज्य में गहराते इस संकट को देखते हुए मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कमान संभाल ली। तेल कंपनियों और जिला प्रशासन के साथ हुई हाई-लेवल मीटिंग में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बैकलॉग सिलेंडरों की आपूर्ति को पहली प्राथमिकता दी जाए।
वहीं, कालाबाजारी और अवैध भंडारण करने वाले तत्वों तथा अनियमितता बरतने वाली एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए।
अब 25 दिन में मिलेगा अगला सिलेंडर
गैस की कृत्रिम किल्लत रोकने के लिए सरकार ने बुकिंग नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अक्सर लोग गैस खत्म होने से पहले ही डर के मारे बुकिंग कर देते हैं — इसे ‘पैनिक बुकिंग’ कहते हैं।
इसे रोकने के लिए अब एक सिलेंडर लेने के बाद अगली बुकिंग के लिए 25 दिनों का अनिवार्य अंतराल तय किया गया है। पहले यह सीमा 45 दिनों की थी।
अलग-अलग कनेक्शन के लिए अलग नियम
गैस कंपनियों ने उपभोक्ता श्रेणी के अनुसार नियम तय किए हैं। उज्जवला योजना के लाभार्थियों को अगली बुकिंग के लिए 45 दिन का इंतजार अनिवार्य होगा। जिन उपभोक्ताओं के पास एकल सिलेंडर कनेक्शन है, वे पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद बुकिंग कर सकेंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए भी अगली बुकिंग हेतु 45 दिन का अंतराल अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा डिलीवरी के समय OTP देना जरूरी होगा और ई-केवाईसी पूरी न होने पर बुकिंग रद्द भी हो सकती है।
स्टॉक पर्याप्त, बैकलॉग क्लियर होने में समय
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। एडीएम आपूर्ति रवींद्र कुमार दिवाकर ने स्पष्ट किया कि आपूर्ति बुकिंग से कहीं ज्यादा हो रही है, बस पुराने बैकलॉग को क्लियर करने में वक्त लग रहा है।
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने भरोसा दिलाया है कि राज्य में गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उपभोक्ताओं को सलाह है कि वे अपनी एजेंसी से संपर्क बनाए रखें और नए नियमों का पालन करें।
संबंधित खबरें
- कनिष्का इंटरनेशनल स्कूल में छात्रों के लिए मॉक इंटरव्यू और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम आयोजित
- PNG gas connection Bihar: LPG की लाइन से राहत, घर बैठे फ्री में करें ऑनलाइन आवेदन
- Muzaffarpur firing case: पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे तेजस्वी यादव, पुलिस पर उठाए सवाल
और पढ़ें: LPG gas crisis Bihar