
मधुबनी: मधुबनी पुलिस ने एक बड़ी लूट की साजिश को समय रहते विफल करते हुए राजनगर थाना क्षेत्र से एक कुख्यात अपराधी को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार रामपट्टी मत्स्य विभाग परिसर के पास दो संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। टीम के पहुंचते ही दोनों संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन उनमें से एक व्यक्ति पुलिस वाहन देखते ही भाग निकला जबकि दूसरा आरोपी पानी टंकी के नीचे से पकड़ा गया।
गिरफ्तार व्यक्ति ने अपना नाम मिथलेश यादव, पिता सहदेव यादव, साकिन रांटी मोहनपुर, थाना राजनगर, जिला मधुबनी बताया। पूछताछ के दौरान उसने अपने भागे हुए साथी का नाम मनीष यादव, पिता दयाराम यादव, निवासी महिनाथपुर, राजनगर बताया। तलाशी के दौरान मिथलेश यादव के कमर से एक देशी पिस्टल, जेब से दो मैगजिन और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। मौके पर ही जप्ती सूची तैयार कर सभी हथियारों को सील कर लिया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले जाया गया।
मधुबनी जिला प्रशासन संदर्भ जानकारी
मधुबनी पुलिस द्वारा गिरफ्तार अपराधी का लंबा आपराधिक इतिहास, कई मामलों में था वांटेड
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार अपराधी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ राजनगर थाना में हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है और इसी क्षेत्र में सक्रिय अपराधी माना जाता है। मधुबनी पुलिस का कहना है कि दोनों व्यक्तियों की गतिविधियों और मौके पर मिले हथियारों से यह स्पष्ट है कि किसी बड़े अपराध की तैयारी की जा रही थी।
राजनगर थाना क्षेत्र में दर्ज नए मामले कांड संख्या 498/25 में आरोपी के खिलाफ 25(1-बी)ए, 26, 35 आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में कुछ महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है, जिसके आधार पर पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारीयों का कहना है कि मधुबनी जिले में अपराधियों पर निगरानी और सख्त कार्रवाई प्राथमिकता में है और किसी भी आपराधिक गतिविधि को सफल नहीं होने दिया जाएगा।


