
मधेपुर: मधुबनी जिले के मधेपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ लक्ष्मीपुर चौक स्थित ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल के हॉस्टल में रहने वाले 12 वर्षीय छात्र विकेश कुमार महतो की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उन्होंने स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मधेपुर के स्कूल में पिटाई से हुई मौत? परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक विकेश कुमार महतो बकुआ पंचायत के सुंदरी गाँव (भेजा थाना) का रहने वाला था। वह पिछले कुछ दिनों से इसी स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। शनिवार दोपहर करीब 11 बजे स्कूल प्रबंधन के कुछ लोग उसे लेकर स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुँचे, जहाँ ड्यूटी डॉक्टर अंजूम हाशमी ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल पहुँचकर जमकर हंगामा किया।
परिजनों का दावा है कि विकेश पूरी तरह स्वस्थ था, लेकिन स्कूल में उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिसके चलते उसकी मौत हुई। उन्होंने स्कूल संचालक और स्टाफ पर हत्या का आरोप लगाते हुए तत्काल न्याय की माँग की है। एक परिजन ने कहा, ‘बच्चे के शरीर पर चोट के निशान साफ दिख रहे हैं। स्कूल वालों ने ही उसे पीट-पीटकर मार डाला।’
पुलिस जांच में जुटी, फरार शिक्षकों की तलाश
घटना की सूचना पाकर मधेपुर थाना प्रभारी विश्वजीत कुमार मौके पर पहुँचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जाँच में शरीर पर पिटाई के निशान पाए गए हैं, लेकिन सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।
इधर, घटना के बाद से स्कूल के शिक्षक फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है और जल्द ही स्कूल प्रबंधन के खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी। इस घटना से पूरे मधेपुर और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों ने भी स्कूल पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और मामले की हर पहलू से जाँच की जाएगी।
संबंधित खबरें
- फुलपरास में जमीन विवाद में मारपीट, एक व्यक्ति जख्मी, मामला दर्ज
- Bihar Crime News: पटना में 3 साल की बच्ची से दुष्कर्म, चाचा समेत दो गिरफ्तार; एक फरार
- घोघरडीहा : सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने इनरवा गांव में डाकबाबू ज्ञाननेन्दु यादव के परिजन से भेंट कर दी सांत्वना
और पढ़ें: मधेपुर