
मधुबनी पुलिस : नरहिया थाना क्षेत्र के भुतहा वार्ड नंबर 3 में सोमवार शाम मारपीट और हवाई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना शाम करीब 7 बजे हुई जब दुकानदार सतीश कुमार अपनी दुकान पर बैठकर पत्नी के साथ काम कर रहे थे। इसी दौरान 6–7 की संख्या में कुछ युवक तीन से चार मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे और दुकान में घुसकर सिगरेट मांगी।
बताया गया कि पैसे को लेकर हुए विवाद के बाद अपराधियों ने दुकानदार के साथ मारपीट की और वहां से भागते समय तीन राउंड हवाई फायरिंग भी की। राहत की बात यह रही कि फायरिंग किसी व्यक्ति को लक्ष्य कर नहीं की गई थी और ना ही कोई घायल हुआ।
मधुबनी पुलिस के तत्परता से मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार,अन्य अभियुक्तों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी जारी
घटना की जानकारी मिलते ही नरहिया थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के बयान लिए। दुकानदार सतीश द्वारा आवेदन दिए जाने के बाद कांड दर्ज किया गया और अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू की गई। देर रात लगभग 1:30 बजे पुलिस ने मुख्य अभियुक्त अंगद कुमार उर्फ सत्यम को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ़्तार अभियुक्त अंगद कुमार उर्फ सत्यम, पिता विनोद राय, ग्राम झिटकी, थाना नरहिया, जिला मधुबनी का रहने वाला है।मधुबनी पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि गिरफ्तार अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह नरहिया थाना के कांड संख्या 104/23 में आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं के मामले में नामजद था।
मधुबनी पुलिस ने बताया कि उसकी निशानदेही पर अन्य अभियुक्तों की तलाश के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है, जो लगातार छापेमारी कर रही है।


