
झंझारपुर से गौतम झा की रिपोर्टझंझारपुर में औद्योगिक विकास को नई दिशा, मॉडल ग्रीन औद्योगिक क्षेत्र के निर्माण को स्वीकृति
झंझारपुर नगर परिषद स्थित बियाडा औद्योगिक क्षेत्र में ₹27,35,37,000 (सत्ताईस करोड़ पैंतीस लाख सैंतीस हजार रुपये) की लागत से मॉडल ग्रीन औद्योगिक क्षेत्र के प्रथम चरण के निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना से झंझारपुर में उद्योगों की स्थापना की संभावनाएं मजबूत हुई हैं, जिससे स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
बिहार सरकार के उद्योग मंत्री सह झंझारपुर के स्थानीय विधायक नीतीश मिश्र ने बताया कि झंझारपुर में उद्योगों की स्थापना का मार्ग अब खुल गया है। उन्होंने कहा कि 1980 के दशक में झंझारपुर में एक पेपर मिल स्थापित करने की योजना बनी थी, लेकिन विभिन्न कारणों से यह साकार नहीं हो सका। अब उसी स्थल पर मॉडल ग्रीन औद्योगिक क्षेत्र का निर्माण किया जाएगा, जिससे झंझारपुर औद्योगिक क्षेत्र को नया जीवन मिलेगा।
इस परियोजना के तहत, प्रथम चरण में 56586 वर्गफीट क्षेत्र में औद्योगिक संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए उद्योग विभाग द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस परियोजना के तहत, निवेशकों को व्यवसाय शुरू करने में सहायता देने के लिए प्लग एंड प्ले योजना के अंतर्गत अत्याधुनिक औद्योगिक भवन बनाए जाएंगे।
झंझारपुर में औद्योगिक क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरे रफ़्तार पर ,रोजगार के अवसर बढ़ेंगे
औद्योगिक विकास को गति देने के लिए बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) ने झंझारपुर क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी तेज कर दी है। मधुबनी जिले में औद्योगिक भूमि की सीमित उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए राज्यमंत्रिपरिषद ने बनगामा (लौकही) में 460.71 एकड़ और लोहना (झंझारपुर) में 252.23 एकड़ भूमि के अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है। इससे भविष्य में झंझारपुर और उसके आसपास औद्योगिक इकाइयों की स्थापना में मदद मिलेगी।
नीतीश मिश्र ने कहा कि झंझारपुर में उद्योगों की स्थापना से निवेशकों को बेहतर माहौल मिलेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार से झंझारपुर और आसपास के इलाकों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे इस क्षेत्र का समग्र विकास होगा। उन्होंने कहा कि सरकार निवेशकों को आकर्षित करने के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
झंझारपुर औद्योगिक क्षेत्र का यह विकास न केवल स्थानीय लोगों के लिए आर्थिक समृद्धि लाएगा, बल्कि इस क्षेत्र को औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


