
मधुबनी, 26 नवंबर 2025: जिले में बुधवार को नशामुक्ति दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर पटना में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मिथिला चित्रकला संस्थान के सभागार में किया गया, जिसमें जिलाधिकारी आनंद शर्मा स्वयं मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान डीएम ने नागरिकों, अधिकारियों, जीविका दीदियों, कलाकारों और उपस्थित आमजनों को मद्यनिषेध से संबंधित शपथ भी दिलाई।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में शराबबंदी और नशामुक्ति अभियान को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए प्रशासन लगातार गंभीरता से कार्य कर रहा है। उनके नेतृत्व में मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन कार्यालय तथा जिला प्रशासन द्वारा चलाए गए प्रयासों से सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। शराब विनष्टिकरण, जन-जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
बिहार मद्यनिषेध और नशामुक्ति पर सरकारी नीतियां और प्रयास
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मंत्री तथा वरीय अधिकारियों के संबोधन को सुना। साथ ही पटना में आयोजित कला जत्था द्वारा नशा-उन्मूलन पर आधारित नुक्कड़ नाटक का भी सीधा प्रदर्शन देखा गया, जिसे लोगों ने काफी सराहा।
नशामुक्ति दिवस पर प्रभातफेरी से गूंजा शहर
नशामुक्ति दिवस के अवसर पर सुबह 7 बजे जिला मुख्यालय में प्रभातफेरी निकाली गई। वॉटसन स्कूल से शुरू हुई यह प्रभातफेरी रेलवे स्टेशन, बाटा चौक होते हुए पुनः विद्यालय पहुंची। छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ जागरूकता नारों के माध्यम से नागरिकों को नशा छोड़ने का संदेश दिया।प्रभातफेरी में कई सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।

नशामुक्ति दिवस के अवसर पर जिले के विद्यालयों में निबंध लेखन, चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मध्य विद्यालय, जितवारपुर में इन गतिविधियों ने बच्चों में रचनात्मकता और सामाजिक जागरूकता दोनों को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता मुकेश रंजन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी परिमल कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी विजय कुमार, सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक नितेश पाठक, उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर, खेल पदाधिकारी नीतीश कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद थे।सैकड़ों जीविका दीदियों और स्थानीय लोगों ने भी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।


