
फुलपरास: स्थानीय थाना पुलिस ने हथियार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार रात गोढ़ियारी गांव में की गई, जहां पुलिस को सूचना मिली थी कि बाइक सवार दो युवक हथियार लेकर गांव में घूम रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद फुलपरास थाना पुलिस ने तत्काल छापेमारी करते हुए दोनों को मौके से दबोच लिया। गुरुवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
फुलपरास पुलिस की छापेमारी में हथियार बरामद,आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक बाइक पर सवार होकर हथियार के साथ गोढ़ियारी गांव में संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की। हथियार के साथ पकड़े गए युवकों की पहचान फुलपरास थाना क्षेत्र के धनौजा गांव निवासी बेचन यादव के पुत्र रंजीत कुमार उर्फ शिव यादव और संजीव कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आपस में भाई हैं और अपनी बहन के ससुराल गोढ़ियारी गांव गए हुए थे।
थानाध्यक्ष ने बताया कि हथियार के साथ घूमना कानूनन अपराध है और इससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती थी। पुलिस द्वारा दोनों भाइयों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार को दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। फुलपरास पुलिस का कहना है कि इलाके में अपराध और अवैध हथियार पर पूरी तरह से लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी फुलपरास क्षेत्र में सघन वाहन जांच और छापेमारी अभियान जारी रहेगा ताकि असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।

