
फुलपरास: फुलपरास थाना क्षेत्र के एक गांव में 11 वर्षीय नाबालिग बच्ची से दुर्व्यवहार के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने थाने में लिखित आवेदन देकर स्थानीय कांग्रेस नेता प्रमोद कुमार मंडल (45 वर्ष) पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है।
घटना 28 नवंबर की शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। प्राथमिकी के अनुसार पीड़िता की मां खेत में धान काट रही थीं जबकि बच्ची पास के नहर किनारे कुरकुरे खरीदने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में प्रमोद कुमार ने उसे रोककर पहले दो रुपये लेने और फिर 50 रुपये देने का लालच दिया। आरोप है कि बच्ची द्वारा मना करने पर आरोपी ने उसे पकड़ लिया और गलत नीयत से गाल में दांत काटने के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की।
बच्ची के जोर-जोर से चिल्लाने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़ पड़े, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आवेदन में यह भी कहा गया है कि घटना के बाद आरोपी ने पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फुलपरास थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने तुरंत FIR दर्ज कर ली है और आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। फुलपरास पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में रोष है जबकि पीड़ित परिवार ने न्याय की मांग की है।


