
फुलपरास के गायत्री विवाह भवन में भारतीय जनता पार्टी की ओर से “विकसित भारत का अमृतकाल – सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण” के 11 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर एक विशेष प्रोफेशनल मीट कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा झंझारपुर के जिलाध्यक्ष बच्चा बाबू कामत ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जब देश में यूपीए की सरकार थी, तब भारत दुनिया की 11वीं अर्थव्यवस्था था, जबकि अब मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत ने जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का स्थान प्राप्त कर लिया है।
उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार ने सिर्फ सत्ता को नहीं बदला, बल्कि विकास की सोच, दिशा और काम करने के तरीके को भी पूरी तरह से बदल दिया है। आज का युवा नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बन गया है।
फुलपरास विधानसभा संयोजक उपेन्द्र कुमार यादव ने भी सरकार की योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया जैसे अभियानों ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है। उन्होंने बताया कि 2014 में देश में 387 मेडिकल कॉलेज थे, जो अब 2025 तक बढ़कर 780 हो जाएंगे। इसी तरह 2014 में एमबीबीएस की 51,348 सीटें थीं, जो अब बढ़कर 1.18 लाख हो चुकी हैं।
कार्यक्रम में यह जानकारी दी गई कि मोदी सरकार के 11 वर्षों में लगभग 17 करोड़ लोगों को नई नौकरी मिली है, जबकि स्टार्टअप क्षेत्र में 1.61 लाख युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है। स्किल इंडिया मिशन के तहत अब तक 2.27 करोड़ से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। देश में 490 विश्वविद्यालयों, 7 नए आईआईटी और 14500 स्कूलों को पीएम श्री योजना के तहत नया रूप दिया गया है।
प्रदेश प्रवक्ता मनीष पांडे ने मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार ने कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं और अब कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है कि वे इन सभी उपलब्धियों को बूथ स्तर तक पहुंचाएं।
कार्यक्रम में भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे, जिनमें अनुरंजन झा, रामसुंदर यादव, सत्यनारायण अग्रवाल, पंकज चौधरी, दिलीप कामत, आशीष सिंह, अमृता सिंह, आलोक सिंह, विजय ठाकुर, विनोद कामत समेत दर्जनों नेता और कार्यकर्ता शामिल थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और केंद्र सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।