फुलपरास थाना क्षेत्र के सैनी चौक पर स्थित एक कपड़ा दुकान में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान का एसवेस्टर हटाकर भीतर प्रवेश किया और 50,000 रुपये नगद के साथ हजारों रुपये मूल्य की साड़ियां और रेडिमेड कपड़े लेकर फरार हो गए।दुकानदार सुशील यादव के अनुसार, रात के समय चोरों ने उनकी दुकान में रखे कैश और रेडिमेड वस्त्रों को चुरा लिया। चोरी के दौरान चोरों ने एक दर्जन साड़ियां और अन्य रेडिमेड कपड़े भी उठा लिए। दुकान का सामान पूरी तरह बिखरा हुआ पाया गया, जिससे घटना के दौरान चोरी की हड़बड़ी साफ झलकती है।

चोरी के बाद दुकान में बिखरा समान
फुलपरास थाने में दी गई शिकायत
पीड़ित दुकानदार ने घटना की जानकारी लिखित रूप से फुलपरास थाने को दी है। थानाध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, और चोरी की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि अपराधियों को पकड़ने के लिए प्रयास जारी है।
इस घटना से इलाके में डर का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि रात में पुलिस गश्त की कमी के कारण ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और गश्त बढ़ाने की मांग की है।
फुलपरास पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। दुकान से चोरी गए सामान और नकदी का पता लगाने के लिए सुराग जुटाए जा रहे हैं। थाने ने भरोसा दिलाया है कि अपराधियों को जल्द ही पकड़ा जाएगा।