
मधुबनी, 25 नवंबर 2025: वाट्सन उच्च विद्यालय, मधुबनी के खेल मैदान में मंगलवार को चार दिवसीय राज्यस्तरीय बालिका रग्बी प्रतियोगिता (अंडर-14, 17 और 19) का शानदार आगाज़ हुआ। खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन, मधुबनी द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत खेल से जुड़े प्रेरक गीतों पर नृत्य और झिझिया नृत्य की सुंदर प्रस्तुति के साथ हुई जिसने अतिथियों व दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद राज्य के विभिन्न प्रमंडलों से आई बालिका प्रतिभागियों ने मार्च पास्ट कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट
खिलाड़ी कभी हारते नहीं, खिलाड़ी या तो जीतते हैं या सीखते हैं : डीएम आनंद शर्मा
उद्घाटन भाषण में मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी के लिए हार आख़िरी पड़ाव नहीं होती। खिलाड़ी या तो जीतकर आगे बढ़ता है या सीख लेकर मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि आज देशभर में रग्बी में बेटियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। सामान्य परिवार से आने वाली संध्या राय जैसे खिलाड़ियों ने सीमित संसाधनों के बावजूद राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
डीएम ने बताया कि राज्य सरकार और खेल विभाग अब खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं, ताकि जिले, प्रमंडल और राज्य की बालिकाएँ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन कर सकें। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को निडर होकर सर्वोत्तम प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी।
भारतीय रग्बी संघ की आधिकारिक जानकारी
मधुबनी में 4 दिनों तक चलेगी प्रतियोगिता, 324 बालिकाएँ ले रहीं हिस्सा
प्रतियोगिता 25 से 28 नवंबर तक आयोजित की जाएगी, जिसमें राज्य के 9 प्रमंडलों से लगभग 324 बालिका खिलाड़ी, 27 टीम प्रभारी और 50 तकनीकी पदाधिकारी शामिल हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों का चयन आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा, जिसका आयोजन भुवनेश्वर (ओड़िशा) में प्रस्तावित है।
मगध प्रमंडल की राष्ट्रीय खिलाड़ी दिव्यांशु भारती ने सभी खिलाड़ियों को शपथ दिलाई और प्रतियोगिता की नियमावली से अवगत कराया।जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की तारीफ प्रतिभागियों और टीम प्रभारियों ने की। रहने, खाने और सुरक्षा के साथ ग्राउंड की तैयारी को सभी ने सराहा और इसे प्रतियोगिता के सुचारु संचालन के लिए उपयुक्त बताया।
कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष बिंदु गुलाब यादव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी परिमल कुमार, सहायक निदेशक नीतेश कुमार पाठक, जिला खेल पदाधिकारी नीतीश कुमार, शिक्षक सुनील कुमार ठाकुर, वसी अख्तर, राकेश कुमार गुड्डू, सचेद्र कुमार, सरवन कुमार, अभिषेक कुमार, राकेश रोशन, हरेराम सिंह सहित कई शिक्षक और अधिकारी उपस्थित थे।


