
घोघरडीहा: घोघरडीहा थाना क्षेत्र के घोघरडीहा गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। दो माह के भीतर नगर पंचायत के कई वार्डों में लगातार हुई चोरियों के बाद रहिका सेंट्रल कॉपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष ब्रह्मानंद यादव ने पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), डीआईजी और आईजी को आवेदन भेजकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच तथा विशेष पुलिस टीम गठित करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही वारदातों से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है और रात के समय भय का माहौल बना रहता है।
घोघरडीहा में दो माह में 30 घरों में चोरी, ग्रामीणों ने उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई
आवेदन के अनुसार पिछले करीब दो माह के दौरान घोघरडीहा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 8, 9, 10 और 11 के लगभग 30 घरों में चोरी की घटनाएं हुई हैं। आरोप है कि चोर विशेष रूप से उन घरों को निशाना बना रहे हैं, जिनके सदस्य बाहर रहते हैं और घर बंद रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार मौखिक और लिखित रूप से घोघरडीहा थाना को सूचना देने के बावजूद चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि गांव में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा ग्राम रक्षा दल की ड्यूटी भी लगाई गई थी, फिर भी चोरी की घटनाएं लगातार जारी हैं। आवेदन में सोहन मिश्र, अर्जुन मिश्र, संतोष मिश्र, संतोष पंडित, प्रमोद झा, राजेन्द्र झा एवं जीवछ कैशियर सहित कई परिवारों के यहां चोरी होने का उल्लेख किया गया है।
घोघरडीहा में 60 लाख की चोरी का मामला भी अब तक अनसुलझा
ग्रामीणों ने आवेदन में नगर पंचायत के वार्ड संख्या 3 स्थित डेवढ़ गांव निवासी नरेंद्र प्रसाद सिंह के घर हुई करीब 60 लाख रुपये की चोरी का भी उल्लेख किया है। पीड़ित ने पहले ही एसपी और डीआईजी को आवेदन देकर विशेष जांच दल गठित कर चोरी गए सामान की बरामदगी और मामले के उद्भेदन की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना है कि लगभग ढाई माह बीत जाने के बाद भी इस मामले में कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है।
घोघरडीहा थानाध्यक्ष शुभम कुमार ने बताया कि थाना को औपचारिक रूप से प्राप्त चोरी की सभी सूचनाओं का अनुसंधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक ही पंचायत के कुछ वार्डों में बार-बार चोरी के प्रयास की सूचना मिल रही है। प्रथम दृष्टया मामला कुछ संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और इसमें कुछ स्थानीय असामाजिक तत्वों की संलिप्तता की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है तथा अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
संबंधित खबरें
- फुलपरास के राम – जानकी मंदिर में शिवलिंग की प्राण – प्रतिष्ठा संपन्न
- घोघरडीहा के बथनाहा विद्यालय में शिक्षक नहीं पहुंचे, ग्रामीणों ने बीआरसी का घेराव किया
- घोघरडीहा में खेत में करंट लगने से किसान की मौत, गांव में पसरा मातम
और पढ़ें: घोघरडीहा