
घोघरडीहा: घोघरडीहा के चन्द्रमुखी भोला महाविद्यालय में रविवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में नशा मुक्ति भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला मंडल ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
घोघरडीहा कॉलेज में नशा मुक्ति अभियान के तहत युवाओं को किया गया जागरूक
मंत्री शीला मंडल ने कहा कि आज नशे की लत समाज और विशेषकर युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। इसे रोकने के लिए सरकार, शैक्षणिक संस्थानों, अभिभावकों और समाज के सभी लोगों को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों से नशा मुक्ति अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी दिलाया गया।
घोघरडीहा कॉलेज में पुस्तकालय भवन और पीजी की पढ़ाई का मुद्दा भी उठा
प्रखंड विकास पदाधिकारी सतीश कुमार एवं महाविद्यालय के बड़ा बाबू डॉ. हरिशंकर राय ने महाविद्यालय परिसर में आधुनिक पुस्तकालय भवन के निर्माण की आवश्यकता बताते हुए इसके लिए प्रस्ताव भेजने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए पुस्तकालय जैसी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है।
इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुजीत कुमार, राष्ट्रीय सेवा योजना पदाधिकारी डॉ. कमलेश्वर प्रसाद, सहायक प्राध्यापक डॉ. जितेन्द्र कुमार सिंह तथा छात्रसंघ पदाधिकारी जितेन्द्र कुमार यादव ने महाविद्यालय में पीजी की पढ़ाई शुरू कराने और अन्य आधारभूत समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। कार्यक्रम में हरि सुल्तानिया, राकेश राय, फुलपरास प्रखंड अध्यक्ष अशोक मंडल, दीपक मंडल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
- फुलपरास में पूर्व सैनिक महेंद्र नारायण कुंवर को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई
- घोघरडीहा में मंत्री शीला मंडल ने दो सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन किया
- घोघरडीहा में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की खबर पर मिथिलांचल संघर्ष समिति ने मनाया जश्न
और पढ़ें: घोघरडीहा