
फुलपरास: दरभंगा प्रक्षेत्र के डीआईजी मनोज कुमार ने शुक्रवार को फुलपरास स्थित अंचल पुलिस निरीक्षक कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विधि-व्यवस्था, लंबित कांडों के निष्पादन तथा अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों की जानकारी प्रस्तुत की।
फुलपरास में डीआईजी मनोज कुमार ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने, अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर उन्हें शीघ्र सजा दिलाने तथा अनुसंधान की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में पुलिस की सतर्कता बढ़ाने, नियमित गश्ती करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश भी दिया।
उन्होंने अधिकारियों से अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी मामलों की नियमित समीक्षा करने को कहा।
घोघरडीहा चोरी मामलों की जांच के लिए एसआईटी गठन की पुष्टि
घोघरडीहा थाना मुख्यालय गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछे गए सवाल पर डीआईजी मनोज कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि एसआईटी शीघ्र ही मामले का खुलासा कर चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करेगी।
निरीक्षण के अवसर पर योगेंद्र कुमार, शिवम धाकड़, प्रभारी एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा, सर्किल इंस्पेक्टर अभय कुमार, थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक विक्रम आचार्य सहित अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
- फुलपरास के एकहारा विद्यालय से 8 क्विंटल चावल चोरी, प्राथमिकी दर्ज
- घोघरडीहा के बथनाहा विद्यालय में छात्र की मौत के बाद पढ़ाई फिर शुरू
- घोघरडीहा में दो माह में 30 घरों में चोरी, ग्रामीणों ने उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई
और पढ़ें: फुलपरास