
घोघरडीहा: घोघरडीहा थाना क्षेत्र के केवटना पंचायत के वार्ड संख्या-07 में रविवार को खेत में करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान वार्ड संख्या-07 निवासी सिंहेश्वर मंडल (50 वर्ष), पिता स्वर्गीय योगेन्द्र मंडल के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से इस तरह की घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
घोघरडीहा के केवटना में खेत में करंट लगने से किसान की मौत
जानकारी के अनुसार सिंहेश्वर मंडल अपने खेत में खाद छिड़क रहे थे। इसी दौरान सिंचाई के लिए पहले से बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वे गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतक अपने पीछे एक पुत्र और दो पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं। दोनों पुत्रियों का विवाह हो चुका है, जबकि उनका इकलौता पुत्र अविवाहित है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घोघरडीहा में ग्रामीणों ने खेतों में खुले बिजली तार हटाने की मांग की
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद घोघरडीहा थाना पुलिस देर से घटनास्थल पर पहुंची। बाद में पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस के विलंब से पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।
ग्रामीणों ने बताया कि खेतों में सिंचाई के लिए खुले तौर पर बिजली के तार बिछाने की प्रथा बेहद खतरनाक साबित हो रही है। उन्होंने प्रशासन और बिजली विभाग से ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई करने तथा किसानों को सुरक्षित तरीके से सिंचाई के प्रति जागरूक करने की मांग की है।
संबंधित खबरें
- घोघरडीहा कॉलेज में नशा मुक्ति अभियान, मंत्री शीला मंडल ने युवाओं को दिलाई शपथ
- फुलपरास में पूर्व सैनिक महेंद्र नारायण कुंवर को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई
- घोघरडीहा में मंत्री शीला मंडल ने दो सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन किया
और पढ़ें: घोघरडीहा