
फुलपरास: फुलपरास थाना क्षेत्र के फुलकाही गांव में बुधवार देर रात एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान रामकुमार साह की 35 वर्षीय पत्नी सरिता देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया है।
फुलपरास के फुलकाही गांव में दुकान में सो रही महिला को मारी गई गोली
जानकारी के अनुसार सरिता देवी अपने दो पुत्रों और अपनी बहन की पुत्री के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित चप्पल-जूता की दुकान में सो रही थीं। आरोप है कि देर रात किसी ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका के दोनों पुत्र गर्मी की छुट्टी के कारण घर आए हुए थे। एक नाबालिग पुत्र ने बताया कि नींद खुलने पर उसने अपनी मां को खून से लथपथ देखा। घटना के समय मृतका का पति सुपौल जिले के कुनौली में अपनी आइसक्रीम फैक्ट्री पर था।
फुलपरास हत्या मामले में संपत्ति विवाद समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने मृतका के पति रामकुमार साह और मृतका के भाई गणेश कुमार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। रामकुमार साह ने बताया कि संपत्ति के बंटवारे को लेकर उनकी पहली पत्नी संगीता देवी के साथ न्यायालय में मामला चल रहा है।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों का पता लगाने और आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार छानबीन की जा रही है।
संबंधित खबरें
- घोघरडीहा के राजेश झा राजू ने मंत्रोच्चार और पूजा – अर्चना के बीच भाजपा प्रदेश महामंत्री का संभाला पदभार
- फुलपरास में 17 वर्षीय किशोरी लापता, परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई
- फुलपरास में फेरी वाले युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका
और पढ़ें: फुलपरास