
फुलपरास: फुलपरास थाना क्षेत्र के मुरली चौक के समीप 10 जून की देर रात हुई संगीता देवी हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में मृतका की बड़ी बहन सह सौतन समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार, गोली, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। मामले का खुलासा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार ने थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया।
फुलपरास हत्याकांड में सौतन और उसके प्रेमी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सरिता देवी का अपने परिचित गगन कुमार यादव के साथ प्रेम संबंध था। दोनों ने मिलकर संगीता देवी की हत्या की साजिश रची थी। योजना को अंजाम देने के लिए लौकही थाना क्षेत्र के नीतीश यादव को शामिल किया गया था।
जांच में सामने आया कि घटना की रात सरिता देवी ने घर का दरवाजा खुलवाया और उसे खुला छोड़ दिया। इसके बाद शूटर घर में घुसा और सो रही संगीता देवी को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
फुलपरास पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान, कॉल डिटेल रिकॉर्ड तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया। पुलिस ने सरिता देवी, गगन कुमार यादव और नीतीश यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों की निशानदेही पर एक देशी कट्टा, एक गोली, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार हत्या के लिए एक लाख रुपये में सौदा हुआ था, जिसमें 37 हजार रुपये का भुगतान किया जा चुका था। मामले में फरार अमित कुमार की तलाश जारी है और पुलिस ने आगे की जांच भी शुरू रखी है।
संबंधित खबरें
- फुलपरास के फुलकाही गांव में महिला की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी
- घोघरडीहा के राजेश झा राजू ने मंत्रोच्चार और पूजा – अर्चना के बीच भाजपा प्रदेश महामंत्री का संभाला पदभार
- फुलपरास में 17 वर्षीय किशोरी लापता, परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई
और पढ़ें: फुलपरास