
घोघरडीहा: घोघरडीहा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बगराहा के प्रधानाध्यापक अरुण कुमार राय को चावल चोरी और विभागीय लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की है।
जारी आदेश के अनुसार प्रधानाध्यापक के खिलाफ विभागीय कार्यवाही भी शुरू की जाएगी। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय मधवापुर निर्धारित किया गया है।
घोघरडीहा के बगराहा विद्यालय में चावल चोरी और अनियमितता के आरोप में हुई कार्रवाई
कार्यालय आदेश में कहा गया है कि 11 मई 2026 की रात विद्यालय का चावल चोरी करने, विद्यालय में भंडारण नहीं कर विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष के घर पर रखने तथा विभागीय कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में प्रधानाध्यापक को निलंबित किया गया है।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मध्याह्न भोजन) की जांच रिपोर्ट और जिला शिक्षा पदाधिकारी की अनुशंसा के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। प्रधानाध्यापक के खिलाफ अलग से आरोप पत्र भी गठित किया जाएगा।
घोघरडीहा के बगराहा विद्यालय में ग्रामीणों की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
बताया गया कि 11 मई की रात ग्रामीणों ने विद्यालय से चावल निकाले जाने का वीडियो बनाकर स्थानीय थाना पुलिस को भेजा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सात बोरा चावल के साथ विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष रवि यादव को गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर रवि यादव को जेल भेज दिया गया था। इसके बाद ग्रामीणों की शिकायत पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मध्याह्न भोजन) ने मामले की जांच की, जिसके आधार पर अब प्रधानाध्यापक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
संबंधित खबरें
- फुलपरास में लूटपाट की कोशिश का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
- हटनी ग्राम निवासी झंझारपुर के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश मिश्र का हार्ट अटैक से निधन
- फुलपरास में 24 घंटे के भीतर सुलझा चर्चित हत्याकांड, सौतन ने शूटर से कराई हत्या
और पढ़ें: घोघरडीहा