
फुलपरास: फुलपरास प्रखंड के उच्च शिक्षा क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ गया है। नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय, फुलपरास में शैक्षणिक सत्र 2026-2030 के लिए नामांकन शुरू होने के साथ ही विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल है।
महाविद्यालय का विधिवत शुभारंभ बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऑनलाइन माध्यम से किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री संजय सिंह (टाइगर) ने की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
फुलपरास में राजकीय डिग्री महाविद्यालय शुरू होने से छात्रों को मिलेगा बड़ा लाभ
कार्यक्रम में स्थानीय विधान परिषद सदस्य डॉ. भारती मेहता, फुलपरास प्रखंड प्रमुख रामपुकार यादव, जिला परिषद सदस्य योगेंद्र प्रसाद यादव, +2 कृष्णा यादव उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो. अकबर अली, संतोष कुमार, अपर समाहर्ता मधुबनी, अतुल कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रगति कुमारी सहित कई लोग उपस्थित रहे।
महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) नारायण झा ने कहा कि इस महाविद्यालय के शुरू होने से फुलपरास और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अब स्नातक की पढ़ाई के लिए दूर-दराज़ के महाविद्यालयों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और छात्राओं को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
फुलपरास राजकीय डिग्री महाविद्यालय में नामांकन जारी, 75 विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश
महाविद्यालय के बर्सर डॉ. दिलीप कुमार ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया जारी है। अब तक विभिन्न विषयों में 75 छात्र-छात्राओं का नामांकन हो चुका है तथा आने वाले दिनों में इस संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते नामांकन कराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध कराएगी। इस अवसर पर शिक्षकेत्तर कर्मचारी दिनेश झा, प्रमोद कुमार, राजा तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
- फुलपरास में बारिश से जलजमाव, नगर पंचायत की तैयारियों पर उठे सवाल
- फुलपरास में एनएच – 27 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
- घोघरडीहा में बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ की बैठक, कई मुद्दों पर चर्चा
और पढ़ें: फुलपरास