
फुलपरास: फुलपरास में लगातार हो रही बारिश ने नगर पंचायत की तैयारियों की पोल खोल दी है। नगर पंचायत क्षेत्र के कई मोहल्लों और सड़कों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।
नालों की समुचित सफाई नहीं होने और जल निकासी की व्यवस्था कमजोर रहने के कारण बारिश का पानी घंटों तक जमा रह रहा है। इससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
फुलपरास में बारिश के बाद कई मोहल्लों और सड़कों पर जलजमाव
थाना परिसर, एसकेवाई हाई स्कूल परिसर, फुलपरास-घोघरडीहा सड़क सहित कई वार्डों की सड़कें तालाब जैसी दिखाई दे रही हैं। घरों के आसपास पानी और कीचड़ जमा होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में ऐसी ही स्थिति बनती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
फुलपरास में जल निकासी व्यवस्था सुधारने की उठी मांग
नगरवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने, नालों की नियमित सफाई कराने और जलजमाव वाले क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों ने बताया कि थाना परिसर में जलजमाव होने से पुलिसकर्मियों के साथ-साथ अपनी शिकायत लेकर आने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि इस समस्या का जल्द समाधान किया जाना चाहिए।
संबंधित खबरें
- फुलपरास में एनएच – 27 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
- घोघरडीहा में बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ की बैठक, कई मुद्दों पर चर्चा
- घोघरडीहा में सतीश कुमार ने प्रखंड विकास पदाधिकारी का पदभार संभाला
और पढ़ें: फुलपरास