
घोघरडीहा: घोघरडीहा थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। चोरी की वारदातों के बाद पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आम लोगों का भरोसा कमजोर पड़ता जा रहा है। स्थिति यह है कि छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं में अब कई लोग प्राथमिकी दर्ज कराने से भी परहेज करने लगे हैं।
सबसे अधिक चर्चा थाना मुख्यालय स्थित डेवढ़ गांव में करीब दो माह पूर्व हुई 50 से 60 लाख रुपये मूल्य की चोरी की है, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। इस मामले में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
घोघरडीहा में 60 लाख की चोरी के मामले का अब तक नहीं हुआ खुलासा
आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक अनुसंधान के दावों के बावजूद जांच में अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी है। पीड़ित परिवार न्याय की आस में पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर है।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत वार्ड संख्या तीन, डेवढ़ निवासी नरेंद्र प्रसाद सिंह ने इस संबंध में घोघरडीहा थाना में कांड संख्या 121/26 दर्ज कराया था। प्राथमिकी के अनुसार घटना के समय वे दरभंगा में थे। 21 मई को सूचना मिलने पर घर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। घर के दो कमरों का ताला तोड़कर गोदरेज में रखे करीब 32 भर चांदी, 18 भर सोना, सात हजार रुपये नकद समेत लगभग 50 से 60 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और सामान अज्ञात चोर ले गए।
घोघरडीहा में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर लोगों ने प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाई
घटना की सूचना पर एफएसएल, तकनीकी टीम और स्वान दस्ता ने घटनास्थल की जांच की, लेकिन अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। पीड़ित नरेंद्र प्रसाद सिंह ने स्थानीय पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए पुलिस अधीक्षक, मधुबनी तथा मिथिला प्रक्षेत्र, दरभंगा के डीआईजी को आवेदन देकर निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की है। उन्होंने चोरी के खुलासे, विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन तथा चोरी गए गहनों की बरामदगी की गुहार लगाई है।
इधर, क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और बड़े मामलों के अनसुलझे रहने से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी की घटनाओं पर शीघ्र अंकुश लगाने और लंबित मामलों का खुलासा करने के लिए पुलिस को अधिक प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने दूरभाष पर बताया कि मामले का अनुसंधान जारी है। हालांकि उन्होंने इससे आगे कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।
संबंधित खबरें
- फुलपरास में सोनम वांगचुक के समर्थन में माकपा का प्रतिरोध मार्च
- घोघरडीहा के मझौरा में सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का उद्घाटन
- फुलपरास और लौकही में फायरिंग के दो मामलों का खुलासा, हथियार के साथ पांच गिरफ्तार
और पढ़ें: घोघरडीहा