
फुलपरास: फुलपरास अनुमंडल क्षेत्र में गोलीबारी के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो देशी हथियार, छह जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पूरे मामले की जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार ने रविवार को कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
डीएसपी ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
फुलपरास के गोढ़ियारी में उन्माद में फायरिंग करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
डीएसपी ने बताया कि शनिवार रात करीब नौ बजे फुलपरास थाना क्षेत्र के गोढ़ियारी गांव में उन्माद में गोली फायरिंग की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बगीचे से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से एक देशी हथियार, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, एक बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोढ़ियारी निवासी मो. निजामुद्दीन, अमरनाथ कुमार तथा खुटौना थाना क्षेत्र के बाघा कुशमार निवासी मो. अजहर के रूप में हुई है। पूछताछ और मोबाइल के लेनदेन के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि हथियार ब्रह्मपुर निवासी सोनू सरकार से लिया गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
फुलपरास अनुमंडल के लौकही में भूमि विवाद के दौरान फायरिंग, दो आरोपी गिरफ्तार
डीएसपी ने बताया कि लौकही थाना क्षेत्र के कुड़ीबन गांव में विवादित जमीन पर धान रोपने को लेकर झड़प और गोली फायरिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दो लोग भागने लगे, जिन्हें घेरकर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान राजू यादव के पास से एक देशी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस, जबकि रामचन्द्र यादव के पास से एक खोखा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार नरेश यादव और रामचन्द्र यादव के बीच पहले से भूमि विवाद चल रहा था। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फुलपरास प्रभारी थानाध्यक्ष निरंजन कुमार और लौकही थानाध्यक्ष गौरव कुमार भी उपस्थित थे।
संबंधित खबरें
- फुलपरास में राजकीय डिग्री महाविद्यालय का शुभारंभ, नामांकन प्रक्रिया शुरू
- फुलपरास में बारिश से जलजमाव, नगर पंचायत की तैयारियों पर उठे सवाल
- फुलपरास में एनएच – 27 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
और पढ़ें: फुलपरास