
घोघरडीहा: घोघरडीहा प्रखंड मुख्यालय स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को प्रसव के बाद एक प्रसूता की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर तैनात करना पड़ा।
मृतका की पहचान केवटना पंचायत के वार्ड संख्या 14 दाहापट्टी निवासी मंगनु राम की 30 वर्षीय पत्नी कविता देवी के रूप में हुई है।
घोघरडीहा पीएचसी में बच्चे को जन्म देने के बाद बिगड़ी प्रसूता की तबीयत
परिजनों के अनुसार प्रसव पीड़ा होने पर कविता देवी को शनिवार सुबह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। रविवार को उन्होंने एक बच्चे को जन्म दिया। आरोप है कि प्रसव के लगभग एक घंटे बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया।
मृतका के पति मंगनु राम ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी की हालत गंभीर होने के बावजूद चिकित्सक देखने नहीं पहुंचे। उन्होंने बताया कि एम्बुलेंस में ले जाते समय ही उन्हें पत्नी की मौत की आशंका हो गई थी। बाद में एक निजी नर्सिंग होम ने भर्ती नहीं लिया और फुलपरास ले जाने के दौरान कविता देवी ने दम तोड़ दिया। यह उनका पहला बच्चा था।
घोघरडीहा पीएचसी में हंगामे के बाद पुलिस पहुंची, सिविल सर्जन ने जांच के दिए निर्देश
घटना के बाद परिजनों ने चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए अस्पताल में हंगामा किया। सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के साथ परिजनों को समझाने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक परिजन शव के साथ अस्पताल परिसर में डटे हुए थे।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार शनिवार को डॉ. रिजवान और रविवार को डॉ. इफ्तिखार अहमद की ड्यूटी थी। घटना के बाद अस्पताल के चिकित्सक और कई कर्मचारी वहां से चले गए। सिविल सर्जन ने दूरभाष पर बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
- घोघरडीहा की श्रुति झा मिस टीन दिवा इंडिया 2026 के टॉप 30 फाइनलिस्ट में चयनित
- घोघरडीहा के चर्चित दो मासूमों की हत्या मामले में मां और प्रेमी को फांसी की सजा
- फुलपरास में गाजर लोड पिकअप लूटकांड का 10 घंटे में खुलासा, वाहन और माल बरामद
और पढ़ें: घोघरडीहा