
झंझारपुर सांसद: झंझारपुर के सांसद रामप्रीत मंडल ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के संबंध में अपना पक्ष रखा है। उन्होंने पत्र में कहा है कि पिछले कुछ दिनों से एक भ्रामक, तथ्यहीन और तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया गया वीडियो प्रसारित किया जा रहा है।
सांसद ने कहा कि इस वीडियो का उद्देश्य उनके राजनीतिक और सामाजिक जीवन को धूमिल करना तथा आम लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करना प्रतीत होता है।
झंझारपुर सांसद रामप्रीत मंडल ने वायरल वीडियो को बताया भ्रामक
पत्र में सांसद ने कहा कि वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व तथा जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के मार्गदर्शन में पार्टी की विचारधारा, संगठन की गरिमा और सिद्धांतों के प्रति पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो के संबंध में आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई भी की जा रही है, ताकि असत्य और भ्रामक प्रचार के माध्यम से संगठन अथवा उनकी प्रतिष्ठा को क्षति पहुंचाने के प्रयासों पर रोक लगाई जा सके।
झंझारपुर सांसद रामप्रीत मंडल ने स्वास्थ्य और वायरल वीडियो पर दी सफाई
मालूम हो कि पिछले दिनों इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ था, जिसमें सांसद अपने समर्थकों के बीच यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि उन्हें दो माह से नीतीश कुमार से मिलने नहीं दिया जा रहा है तथा पिछड़ा और अतिपिछड़ा समाज तकलीफ में है और भटका हुआ है।
सांसद रामप्रीत मंडल ने अपनी सफाई में कहा कि वह कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती थे। ऐसे समय में उनके विरुद्ध निराधार और भ्रामक सामग्री का प्रसारित किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
संबंधित खबरें
- फुलपरास में दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन से 1908 लीटर नेपाली शराब बरामद
- फुलपरास के पैंता गांव में छापेमारी के दौरान दो देशी राइफल बरामद, एक गिरफ्तार
- घोघरडीहा में प्रेम प्रसंग में घर से भागी नाबालिग की हत्या का आरोप, सास गिरफ्तार
और पढ़ें: झंझारपुर सांसद