
फुलपरास: फुलपरास अनुमंडल मुख्यालय स्थित एएनएम स्कूल हॉस्टल में वार्डेन की मौजूदगी में आयोजित बर्थडे पार्टी को लेकर विवाद गहरा गया। मामला इतना बढ़ गया कि छात्राओं और हॉस्टल प्रबंधन के बीच तनाव की स्थिति बन गई और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
बताया गया कि शनिवार को फ्रेशर पार्टी और रविवार रात हॉस्टल में बर्थडे पार्टी का आयोजन किया गया था। पार्टी के दौरान तेज आवाज में गीत-संगीत बजने से द्वितीय वर्ष की छात्राओं ने विरोध जताया और देर रात कार्यक्रम बंद करने की मांग की।
फुलपरास एएनएम हॉस्टल में बर्थडे पार्टी को लेकर छात्राओं और वार्डेन के बीच बढ़ा विवाद
छात्राओं का कहना था कि उन्हें सुबह अस्पताल ड्यूटी के लिए जाना था, इसलिए वे आराम करना चाहती थीं। आरोप है कि इस मांग का विरोध किया गया और विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद छात्राओं ने अपनी शिकायत प्राचार्य नीरा राय के समक्ष रखी।
सीनियर छात्राएं वार्डेन को हॉस्टल से हटाने की मांग पर अड़ी रहीं। इसी बीच एंटी रैगिंग मामले में कार्रवाई की चर्चा शुरू होने के बाद विवाद और बढ़ गया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर वार्डेन और कुछ छात्राओं ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम हॉस्टल पहुंची।
फुलपरास एएनएम हॉस्टल मामले में एंटी रैगिंग जांच और कार्रवाई की मांग तेज
प्रभारी थानाध्यक्ष निरंजन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में देर रात तक बर्थडे पार्टी चलने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि आक्रोशित छात्राओं ने वार्डेन को हटाने की मांग भी की है और मामले की जानकारी अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को दे दी गई है।
प्राचार्य नीरा राय ने बर्थडे पार्टी होने की बात स्वीकार की, लेकिन कहा कि मामला एंटी रैगिंग से जुड़ा है। उनके अनुसार कुछ सीनियर छात्राओं ने जूनियर छात्राओं के साथ मारपीट की थी। उन्होंने बताया कि दो छात्राओं के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है तथा पूरे मामले की जांच के लिए एंटी रैगिंग टीम गठित करने का अनुरोध किया गया है।
संबंधित खबरें
- घोघरडीहा नगर पंचायत सशक्त स्थायी समिति चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न
- फुलपरास पहुंचने पर मंत्री शीला मंडल का कई जगहों पर भव्य स्वागत
- सम्राट चौधरी की अंग्रेजी को लेकर कर रहे हैं ट्रॉलर्स ट्रॉल्स, उमा भारती ने ट्रोलर्स को सुनाई खरी – खोटी
और पढ़ें: फुलपरास