
फुलपरास: फुलपरास थाना क्षेत्र के बेलहा-बथनाहा सुरक्षा बांध के निकट पिछले सप्ताह बरामद अज्ञात महिला के शव की पहचान हो गई है। मृतका की पहचान लौकही थाना क्षेत्र के अटरी गांव निवासी देवेंद्र यादव की 28 वर्षीय पुत्री आरती कुमारी के रूप में हुई है।
मृतका के पिता देवेंद्र यादव ने फुलपरास थाना में दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में झंझारपुर जेल भेज दिया है।
फुलपरास में अज्ञात महिला शव की पहचान के बाद दहेज हत्या का मामला दर्ज
दर्ज आवेदन के अनुसार, आरती कुमारी की शादी झंझारपुर आरएस थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर निवासी स्वर्गीय भटू यादव के पुत्र रामलखन यादव से हुई थी। आरोप है कि विवाह के कुछ वर्षों बाद से पति दो लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर आरती के साथ मारपीट करता था और उसे लगातार प्रताड़ित करते हुए जान से मारने की धमकी देता था।
आवेदक ने बताया कि 13 जुलाई को उनकी पुत्री से अंतिम बार फोन पर बात हुई थी, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। बाद में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के माध्यम से घटना की जानकारी मिली। फुलपरास थाना पहुंचने पर पुलिस द्वारा दिखाए गए शव की पहचान उन्होंने अपनी पुत्री आरती कुमारी के रूप में की।
फुलपरास पुलिस ने दहेज हत्या मामले में पति को गिरफ्तार कर जेल भेजा
मामले में मृतका के पति रामलखन यादव सहित पांच नामजद तथा अन्य अज्ञात लोगों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति रामलखन यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में झंझारपुर जेल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि बीते बुधवार को थाना क्षेत्र के बेलहा-बथनाहा जीरो प्वाइंट सुरक्षा बांध के समीप एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया था।
संबंधित खबरें
- फुलपरास के धर्मडीहा में पंचायत स्तरीय सहयोग शिविर, एसडीओ ने किया उद्घाटन
- फुलपरास में विवाहिता की संदिग्ध मौत मामले में पति गिरफ्तार, चार पर केस दर्ज
- घोघरडीहा में 60 लाख की चोरी का अब तक नहीं हुआ खुलासा, बढ़ती घटनाओं से लोग सहमे
और पढ़ें: फुलपरास