
फुलपरास: फुलपरास थाना क्षेत्र के लोहियापट्टी गांव में 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने पति समेत चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में झंझारपुर जेल भेज दिया है।
मृतका की पहचान पुतुल कुमारी (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो लोहियापट्टी निवासी संतोष पासवान की पत्नी थीं। विवाहिता की मौत के बाद उनके पिता बैका विशनपुर निवासी सिफैत पासवान ने फुलपरास थाना में लिखित आवेदन देकर दामाद संतोष पासवान सहित चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया है।
फुलपरास के लोहियापट्टी में विवाहिता की संदिग्ध मौत पर पति समेत चार के खिलाफ केस दर्ज
दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि लगभग 12 वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री की शादी हिंदू रीति-रिवाज से अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज देकर की थी। इसके बावजूद शादी के बाद से पति और ससुराल पक्ष के लोग लगातार एक लाख रुपये नकद तथा एक मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर पुतुल कुमारी को प्रताड़ित किया जाता था।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि बीती रात पति संतोष पासवान और उसके भाई ने मिलकर गला दबाकर पुतुल कुमारी की हत्या कर दी तथा घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।
फुलपरास पुलिस ने मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा
प्रभारी थानाध्यक्ष निरंजन कुमार ने बताया कि मृतका के पिता के लिखित आवेदन के आधार पर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी संतोष पासवान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में झंझारपुर भेज दिया गया है। वहीं अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की जांच जारी है।
संबंधित खबरें
- घोघरडीहा में 60 लाख की चोरी का अब तक नहीं हुआ खुलासा, बढ़ती घटनाओं से लोग सहमे
- फुलपरास में सोनम वांगचुक के समर्थन में माकपा का प्रतिरोध मार्च
- घोघरडीहा के मझौरा में सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का उद्घाटन
और पढ़ें: फुलपरास