
फुलपरास: फुलपरास थाना क्षेत्र की सैनी पंचायत के वार्ड संख्या 12 स्थित अमौजा खड़गमा गांव में जेसीबी से खोदे गए पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से 11 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बुधवार को एसडीआरएफ की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद बच्ची का शव बरामद किया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका की पहचान अमौजा खड़गमा निवासी राम राय की 11 वर्षीय पुत्री नन्दनी कुमारी के रूप में हुई है।
फुलपरास के अमौजा खड़गमा में जेसीबी के गहरे गड्ढे में डूबने से बच्ची की मौत
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 10 बजे नन्दनी गांव के अन्य बच्चों के साथ बकरी चराने गई थी। इसी दौरान ईंट भट्ठा के समीप जेसीबी मशीन से खोदे गए गहरे गड्ढे के पास बच्चे खेल रहे थे। खेलते-खेलते नन्दनी गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।
उसके साथ मौजूद दो-तीन अन्य बच्चे किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन नन्दनी गहरे पानी से बाहर नहीं निकल सकी। घटना देखकर पास के खेत में काम कर रहे मजदूर मौके पर पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मंगलवार शाम करीब चार बजे परिजनों को मिली। इसके बाद ग्रामीण देर शाम तक बच्ची की तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
फुलपरास में एसडीआरएफ ने सर्च अभियान चलाकर बच्ची का शव बरामद किया
बुधवार सुबह सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और सर्च अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने गहरे पानी से बच्ची का शव बरामद कर लिया।
थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि मामले में यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अग्रेतर कानूनी कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद ग्रामीणों ने ईंट भट्ठों के पास जेसीबी से खोदे गए गहरे गड्ढों को सुरक्षित कराने तथा ऐसे स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
संबंधित खबरें
- फुलपरास के धर्मडीहा मुखिया के पुत्र राघव विकास सिंह भाजपा में शामिल
- फुलपरास में एनएच – 27 पर बस की चपेट में आने से वृद्ध की मौत
- फुलपरास में ईंट भट्ठा के गड्ढे में डूबने से 11 वर्षीय बच्ची लापता
और पढ़ें: फुलपरास