
फुलपरास: फुलपरास थाना क्षेत्र की सैनी पंचायत के वार्ड संख्या-12 स्थित खड़गमा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बकरी चराने गई 11 वर्षीय नन्दनी कुमारी के ईंट भट्ठा के पास जेसीबी से खोदे गए पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूब जाने की आशंका है। देर शाम तक उसका शव बरामद नहीं हो सका, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका की तलाश के लिए ग्रामीण देर शाम तक घटनास्थल पर जुटे रहे, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
फुलपरास के खड़गमा में ईंट भट्ठा के गड्ढे में डूबने से बच्ची लापता
जानकारी के अनुसार खड़गमा गांव निवासी राम राय की 11 वर्षीय पुत्री नन्दनी कुमारी मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अन्य बच्चों के साथ बकरी चराने गई थी। इसी दौरान बच्चे ईंट भट्ठा के समीप खेल रहे थे। खेलते-खेलते नन्दनी जेसीबी से खोदे गए पानी से भरे गहरे गड्ढे में चली गई और डूब गई। उसके साथ मौजूद दो-तीन अन्य बच्चे किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन नन्दनी बाहर नहीं निकल सकी।
घटना देखकर पास के खेत में काम कर रहे मजदूर मौके पर पहुंचे और बच्ची को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गड्ढे में पानी अधिक गहरा होने के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली।
फुलपरास में बच्ची की तलाश जारी, गोताखोर बुलाने की तैयारी
करीब चार बजे परिजनों को घटना की सूचना मिली। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और घंटों तक बच्ची की तलाश करते रहे, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार को गोताखोरों की टीम बुलाकर गड्ढे में बच्ची की तलाश कराई जाएगी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र गोताखोर भेजकर बच्ची का शव बरामद कराने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए खुले गहरे गड्ढों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
संबंधित खबरें
- फुलपरास में अज्ञात महिला शव की पहचान, दहेज हत्या मामले में पति गिरफ्तार
- फुलपरास के धर्मडीहा में पंचायत स्तरीय सहयोग शिविर, एसडीओ ने किया उद्घाटन
- फुलपरास में विवाहिता की संदिग्ध मौत मामले में पति गिरफ्तार, चार पर केस दर्ज
और पढ़ें: फुलपरास